राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जून। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं की बुनियादी अधोसंरचना को मजबूती प्रदान करने के मद्देनजर डॉक्टरों से संवाद किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ोत्तरी से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया।
उन्होंने कहा कि जिले में जनमानस को गुणवत्तायुक्त स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने 3 करोड़ 56 लाख 70 हजार रुपए की लागत से निर्मित जिला चिकित्सालय भवन के ऊंचाई विस्तार कार्य का लोकार्पण किया गया है तथा 2 करोड़ 86 लाख रुपए की लागत से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कार्यालय के नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया है। जिससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सशक्त अधोसंरचना मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में जिला चिकित्सालय में पानी भरने की समस्या होती थी, जिसे दूर करने उन्नयन कार्य किया गया है। तीन फीट ऊपर होने के बाद ऊंचाई बढ़ गई है। जिससे पानी भरने की समस्या का समाधान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। स्वास्थ्य मापदंडों में निरंतर सुधार करते अधोसंरचना को मजबूत करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, आधुनिक और प्रभावी बनाने जिला चिकित्सालय हेतु सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे एवं डेंटल एक्स-रे मशीनों उपलब्धता के लिए कहा।
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि जिला चिकित्सालय में प्रवेश करते ही एक नए पन का एहसास हुआ। बारिश के दिनों में यहां पानी भरा जाता था। जिला चिकित्सालय की ऊंचाई बढ़ाकर प्लिंथ अपग्रेडेशन एवं उन्नयन कार्य किया गया है। जनमानस उम्मीद लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचते हैं। विस अध्यक्ष डॉ. सिंह के प्रयासों से चिकित्सा के क्षेत्र में जिले में सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हुई है, जो स्वास्थ्य के प्रति संवेदना को दर्शाती है।
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि शासकीय जिला चिकित्सालय, निजी चिकित्सालयों की तरह लग रहा है। जिला चिकित्सालय एवं शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 1000 से अधिक ओपीडी हं। जिसका सकारात्मक फीडबैक मिल रहा हैं। जिले में कुपोषण को दूर करने अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए बेहतरीन कार्य करें। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में कैंसर स्क्रीनिंग सुरक्षा चक्र अभियान अंतर्गत अच्छा कार्य किया गया है। मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे है। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना के लिए चल रहे निर्माण कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, समाजसेवी गौतम पारख, जीवनदीप समिति से गुरमुख दास, राजेश श्यामकर, भागचंद, अरविंद, कांति कुमार फुले, आनंद साहू, संदीप भट्टाचार्य, रेखा मेश्राम, खेमीन यादव, अकरम कुरैशी, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. पंकज लुका, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर शीतल बंसल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, सिविल सर्जन डॉ. महेन्द्र प्रसाद, एसडीएम गौतम पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, डॉक्टर्स उपस्थित थे।


