राजनांदगांव
लूट की रकम व दस्तावेज बरामद
राजनांदगांव, 3 जून। झपटमारी के एक प्रकरण के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई नगद एवं वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद किए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार 31 मई को ग्राम परसाटोला निवासी प्रार्थी महेश साहू ने लालबाग थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि रात्रि लगभग 9 बजे पुरानी शराब भ_ी के पास उसका पर्स छीन लिया। पर्स में 800 नगद एवं वाहन की आरसी बुक रखी हुई थी। रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 231/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास पूछताछ की गई तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही रोहित मंडावी निवासी अटल आवास पेंड्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से लूटा गया पर्स, 800 नगद तथा वाहन की आरसी बुक बरामद कर जब्त की गई। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।


