राजनांदगांव

घुमका को कल मिलेगा नया अध्यक्ष
03-Jun-2026 4:39 PM
घुमका को कल मिलेगा नया अध्यक्ष

नगर पंचायत चुनाव के नतीजे कल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 जून।
घुमका नगर पंचायत के अस्तित्व में आने के बाद पहली बार प्रत्यक्ष प्रणाली से हुए चुनाव के कल 4 जून को नतीजे सामने आएंगे। इसी के साथ घुमका को कल पहला अध्यक्ष मिलेगा। इसके अलावा 15 वार्डों में भी पार्षदों के विजयी होने के परिणाम सामने आ जाएंगे।

राजनीतिक तौर पर भाजपा और कांग्रेस ने इस चुनाव को प्रतिष्ठापूर्ण मानकर जमकर प्रचार किया है। कांग्रेस जहां सत्तारूढ़ दल पर विकास को लेकर कागजी वादे करने पर घेरा। वहीं  भाजपा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान हुए घोटालों और भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाया। लगभग 3200 मतदाता वाले इस नगर पंचायत में एक जून को हुए चुनाव में लगभग 95 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। कांग्रेस और भाजपा के अलावा तीसरी राजनीतिक दलों की उपस्थिति औपचारिक मात्र रही।

कांग्रेस से फूलमती वर्मा और भाजपा से किरण वर्मा आमने-सामने मुकाबले में थी। दोनों दल के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने भी प्रचार में पूरी ताकत लगाई।  बताया जा रहा है कि बैलेट पेपर से हुए चुनाव के कारण नतीजे दोपहर बाद सामने आने की संभावना है। प्रशासन ने पूरी तैयारी के साथ मतगणना स्थल को सुरक्षित कर लिया है। पुलिस ने भी मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं।
मीडिया को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।


अन्य पोस्ट