राजनांदगांव

यातायात नियमों का उल्लंघन, 524 प्रकरण में 3 लाख जुर्माना
02-Jun-2026 5:31 PM
यातायात नियमों का उल्लंघन, 524 प्रकरण में  3 लाख जुर्माना

छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 जून।
केसीजी जिले के यातायात पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघ पर 524 प्रकरणों में लाखों रुपए का अर्थदंड वसूला। सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केसीजी जिला पुलिस टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम के साथ-साथ चालानी कार्रवाई  शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार जिला केसीजी पुलिस टीम द्वारा सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए जिले के विभिन्न चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में आमजन को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। जागरूकता अभियान के दौरान वाहन चालकों को वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन नहीं चलाने, मोटर साइकिल पर तीन सवारी नहीं बैठाने, शराब सेवन कर वाहन नहीं चलाने तथा वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज जैसे पॉल्यूशन प्रमाण पत्र, फिटनेस, बीमा एवं ड्राइविंग लाइसेंस अद्यतन रखने हेतु समझाइश दी जा रही है। मई माह के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के तहत बिना नंबर प्लेट वाहन 175 प्रकरण, तीन सवारी 92 प्रकरण, बिना हेलमेट 30 प्रकरण, बिना सीट बेल्ट 12 प्रकरण, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाना 08 प्रकरण, शराब पीकर वाहन चलाना 16 प्रकरण, प्रेशर हॉर्न का उपयोग 38 प्रकरण एवं अन्य उल्लंघन 153 प्रकरण समेत कुल 524 प्रकरणों में 3 लाख एक हजार 700 रुपए का समन शुल्क/अर्थदंड वसूल किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने वाले वाहन चालकों को माननीय न्यायालय खैरागढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही प्रकरणों के निराकरण उपरांत उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु संबंधित परिवहन विभाग को प्रेषित किए जा रहे हैं। मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करने वाले चालकों के विरुद्ध भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई सतत जारी है।
 


अन्य पोस्ट