राजनांदगांव

चौपाटी का लक्ष्मण झूला का केबल वायर क्षतिग्रस्त, बंद
02-Jun-2026 3:37 PM
चौपाटी का लक्ष्मण झूला का केबल वायर क्षतिग्रस्त, बंद

मरम्मत की विभागीय प्रक्रिया पूर्ण

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 2 जून। नगर निगम द्वारा शहर के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्रीष्म ऋतु में बढ़ती गर्मी को देखते सडक़ किनारे, फ्लाईओवर के नीचे तथा डिवाइडरों में लगाए गए वृक्षों एवं पौधों के संरक्षण के लिए टैंकरों के माध्यम से नियमित सिंचाई की जा रही है। साथ ही पौधों की आवश्यक देखरेख भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि गर्मी के कारण वृक्षों के सूखने की स्थिति से बचाव किया जा सके।

शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा वार्डों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। सफाई कार्य में लापरवाही मिलने अथवा शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते शहर के प्रमुख नालों एवं कॉलोनियों की नालियों की सफाई का अभियान भी चलाया जा रहा है। साथ ही क्षेत्रवासियों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने पुराने पाईप लाइन से नए पाईप लाइन में नल कनेक्शन को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जारी है।  शहर की सडक़ों को बेहतर बनाने विभिन्न मार्गों के डामरीकरण कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। गुणवत्ता में कमी या कार्य में विलंब पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों के विरूद्ध कार्रवाई की गई है। पुन: निविदा प्रक्रिया के बाद कार्यादेश जारी किए गए हैं तथा निर्धारित समय में कार्य पूर्ण नहीं करने पर संबंधित निर्माण एजेंसियों को नोटिस जारी किया गया है।  नगर निगम शहर की सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा के लिए भी सतर्क है। रानी सागर की बाउंड्रीवाल की रेलिंग को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने पर निगम ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है तथा क्षेत्र में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई गई है। रानीसागर स्थित चौपाटी में निर्मित लक्ष्मण झूला के पुराने हो चुके केबल वायर क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी रूप से बंद किया गया है। इसके मरम्मत कार्य की विभागीय प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

शीघ्र ही मरम्मत कार्य प्रारंभ किया जाएगा।


अन्य पोस्ट