राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 जून। साथी के साथ मोटर साइकिल चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकडक़र कार्रवाई की। वहीं वाहन की पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग करने के मामले में भी धाराएं प्रकरण में जोड़ी गई। प्रकरण में आरोपी का भाई व सह-आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
मिली जानकरी के अनुसार प्रार्थी ने लालबाग थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 5 अप्रैल 2026 को उसकी होंडा साईन मोटर साइकिल को ग्राम बनभेड़ी के पास से अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर ली गई। रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 138/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति चोरी की मोटर साइकिल लेकर नया शराब भ_ी क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम लोकेश वैष्णव 27 वर्ष निवासी बजरंग चौक वार्ड नं. 07 शंकरपुर जिला राजनांदगांव बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी भाई मिथुन वैष्णव के साथ मिलकर मोटर साइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से बरामद मोटर साइकिल पर वास्तविक नंबर के स्थान पर दूसरी नंबर प्लेट लगी हुई पाई गई।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने चोरी की गई मोटर साइकिल की पहचान छिपाने एवं पुलिस कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका उपयोग किया था। पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा साइन मोटर साइकिल जिसमें फर्जी नंबर प्लेट लगे को जब्त किया। प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध चोरी के साथ-साथ अपराध के साक्ष्य छिपाने एवं वाहन की पहचान बदलने संबंधी धाराएं 336(3), 238 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


