राजनांदगांव

डामरीकरण के लिए महापौर ने ठेकेदारों की ली बैठक
31-May-2026 9:35 PM
डामरीकरण के लिए महापौर ने ठेकेदारों की ली बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 31 मई। शहर की सडक़ों में डामरीकरण चालू करने महापौर मधुसूदन यादव ने बीते दिनों नगर निगम अध्यक्ष पारस वर्मा समेत  सावन वर्मा की उपस्थिति में ठेकेदारों की बैठक लेकर डामरीकरण कार्य चालू करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि बारिश का मौसम आने वाली है, उसके पूर्व डामरीकरण कार्य किया जाना है। इस संबंध मेें उन्होंने ठेकेदार से बिंदुवार चर्चा की। ठेकेदारों ने कहा कि वर्तमान में डामर सप्लाई नहीं हो पा रही है। वैश्विक परिस्थिति में पूरे देश में  पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में वृद्धि के कारण डामर सप्लाई नहीं हो रही है। जिससे डामरीकरण कार्य प्रभावित हो रहा है। डामर सिर्फ  मुम्बई में मिल रहा है, जहां लगातार सम्पर्क किया जा रहा है। हमारी कंपनी की गाडिय़ां मुम्बई में लगी हुई है। डामर मिलने की स्थिति में काम चालू किया जाएगा।

महापौर ने कहा कि मंत्रिपरषिद की बैठक में बिटुमिन (डामर) की कीमतों में हुई असाधारण और अप्रत्याशित वृद्धि को देखते  राज्य के हित और निर्माण कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से 01 अप्रैल 2026 से 30 जून 2026 की अवधि के लिए अनुबंधित ठेकेदारों को सीमित एवं आंशिक मूल्य राहत (क्षतिपूर्ति) प्रदान करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिसके आधार पर डामर मिलने का रास्ता असान हो रहा है। आप लोग शहर की सडक़ों का डामरीकरण कार्य शुरू करें।

ठेकेदारों ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में 10 दिवस के अंदर गाड़ी आने की संभावना है, गाड़ी आते ही डामरीकरण किया जाएगा। महापौर ने कहा कि एक-एक सडक़ों का डामरीकरण चालू करे, क्वालिटी कंट्रक्शन द्वारा कौरिनभाठा रोड में डामरीकरण चालू किया गया है। आप लोग भी कोशिश कर डामरीकरण चाहू करें। जिससे बारिश के पूर्व शहर में डामरीकरण हो सके। बैठक में यूके रामटेके, गरिमा वर्मा, ठेकेदार ए.व्ही. कंट्रक्शन, मोहन कंट्रक्शन, मे. अभय कोटडिया, क्वालिटी कंट्रक्शन के लोग उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट