राजनांदगांव

लखोली शिविर में मिले 326 आवेदन, उमड़ी भीड़
30-May-2026 4:16 PM
लखोली शिविर में मिले 326 आवेदन, उमड़ी भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मई।  
सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत निकाय स्तर पर वार्डों में जनसमस्या निवारण शिविर के तहत गुरुवार को  श्रमिक बाहुल्य क्षेत्र लखोली स्कूल मैदान में 7 वार्ड क्रमश: वार्ड नं. 30, 31, 32, 33, 34, 35 व 36 के लिए शिविर आयोजित किया गया।

नौतपा के चलते अत्याधिक गर्मी के बावजूद वार्डवासियों की भीड़ उमड़ी। शिविर में बड़ी संख्या में 326 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें मांग के 290 शिकायत के 36 आवेदन आए। शिविर में राशन कार्ड, श्रमिक कार्ड पंजीयन, ड्राईविंग लाईसेंस तथा महतारी वंदन केवाईसी कराने के लिए महिलाओं की सर्वाधिक भीड़ रही।  शिविर में  महापौर मधुसूदन यादव ने दीप प्रज्जवलन कर शिविर का उद्घाटन कर स्टालों का अवलोकन किया।
महापौर  ने पीएम स्वनिधि योजनांतर्गत लखोली निवासी तोमिन साहू को टिफिन सेंटर खोलने बैंक आफ महाराष्ट्र के माध्यम से स्वीकृत 25 हजार रुपए का लोन तथा हेमा हुमने को किराना दुकान खोलने बैंक ऑफ  बड़ोदा से स्वीकृत 15 हजार रुपए का लोन प्रमाण पत्र वितरण किया। साथ ही राजीव नगर लखोली निवासी कन्हैयालाल द्वारा शिविर में अपने राजस्व कर का भुगतान करने पर सम्मानित किया। इसके अलावा महिला बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई की रस्म अदा की गई। स्वास्थ्य एवं आयुष चिकित्सा विभाग के द्वारा वार्डवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवा वितरण किया गया।
शिविर में महापौर श्री यादव ने कहा कि सुशासन तिहार के प्रति नागरिकों में विश्वास बढ़ता जा रहा है। इसका प्रमाण आज लखोली शिविर में देखने को मिल रहा है।  जन समस्या निवारण के तहत अगला शिविर  3 जून  को दिग्विजय कालेज में महावीर वार्ड नं. 37 व दिग्विजय वार्ड नं. 38 के लिए शिविर लगाया जाएगा।


अन्य पोस्ट