राजनांदगांव
नांदगांव रेंज के सभी एसपी संग आईजी की मैराथन बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मई। राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राव ने शुक्रवार को रेंज के सभी एसपी के साथ मैराथन बैठक कर रात्रिकालीन गश्त को तेज करने पर जोर दिया। आईजी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि सुरक्षागत मसलों पर ढील कतई नहीं होना चाहिए। उन्होंने अपराधों के निराकरण को भी अतिआवश्यक बताते सभी एसपी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थानीय आईजी कार्यालय में आयोजित बैठक में श्री राव ने रेंज के इकाइयों में 6 माह से अधिक अवधि के लंबित अपराध, चालान, मर्ग, गुम इंसान एवं शिकायत के त्वरित निराकरण हेतु निर्देश दिए। मोटरयान अधिनियम की कार्रवाई, स्थाई वारंट की तामिली, थाना निरीक्षण, उच्चतम/ उच्च न्यायालय में जवाब दावा के प्रकरण के निराकरण, सामुदायिक पुलिसिंग के साथ-साथ संध्याकालीन टाउन पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्कता बताईं गई तथा अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी वायपी सिंह, पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक खैरागढ़- छुईखदान-गंडई लक्ष्य शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा उपस्थित रहे।


