राजनांदगांव
पिता-पुत्र का एक साथ अंतिम संस्कार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 मई। शहर के चौखडिय़ापारा के रहने वाले शर्मा परिवार में शुक्रवार को मानो कहर टूट गया। परिवार के होनहार बेटे की मौत की खबर से पिता को ऐसा झटका लगा कि उनके भी प्राण निकल गए। इस हृदयविदारक घटना से लोग हतप्रभ रह गए। शनिवार सुबह एक साथ घर से पिता-पुत्र की अर्थी को उठते देखकर लोगों की आंखे भर आई। स्थानीय मुक्तिधाम में पिता-पुत्र की एक साथ चिता जलते देखकर लोग शोकाकुल नजर आए।
मिली जानकारी के मुताबिक चौखडिय़ापारा में रहने वाले 80 वर्षीय मांगीलाल शर्मा के पुत्र चंद्रप्रकाश शर्मा (45) का शुक्रवार देर रात को अचानक निधन हो गया। जैसे ही यह खबर पिता तक पहुंची तो वह गहरे सदमे में चले गए और थोड़ी देर में उन्होंने भी प्राण त्याग दिया। पिता-पुत्र के निधन की खबर से व्यापारिक इलाका आजाद चौक सन्न रह गया।
गौरतलब है कि मांगीलाल शर्मा ने दाल-सीरा का स्वाद शहर को सालों से चखाने का काम किया है। यह कहा जा सकता है कि दाल-सीरा के मिठास से शहर को रूबरू कराने वालों में मांगीलाल शर्मा अव्वल रहे हैं। स्थानीय गौशाला रोड में वह सालों से दाल-सीरा बेचने का व्यापार करते रहे हैं। पिता-पुत्र के एक साथ निधन होने से व्यापारियों के चौखडिय़ापारा स्थित उनके निवास में भीड़ एकत्रित हो गई। आज सुबह पिता-पुत्र की अर्थी को कंधा देने के लिए लोगों की भीड़ नजर आई। स्थानीय मुक्तिधाम में आज सुबह 11 बजे दोनों को अंतिम बिदाई दी गई। मांगीलाल शर्मा को उनके सुपुत्र राजा शर्मा ने मुखाग्नि दी। जबकि पुत्र चंद्रप्रकाश शर्मा को उनके छोटे भाई अनुज शर्मा ने मुखाग्नि देकर अंतिम बिदाई दी।
--------


