राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मई। घूमका नगर पंचायत चुनाव में अब भाजपा खंदक की लड़ाई के लिए कमर कसकर समर मैदान में उतर चुकी है। नगर पंचायत पद की प्रत्याशी किरण वर्मा व 15 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाने योजनाबद्ध ढंग से अभियान को अंतिम रूप दे दिया गया है। भाजपा मीडिया सेल के अनुसार 29 मई को शाम 4.30 बजे बाजार चौक घुमका में छालीवुड के लोकप्रिय अभिनेता व विधायक अनुज शर्मा एवं क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडे की महती जनसभा आयोजित की गई है इसी प्रकार 30 मई को शाम 5 बजे बाजार चौक घुमका में ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरूण साव व पूर्व क्षेत्रीय सांसद अभिषेक सिंह की महती जनसभा आयोजित की गई है। घुमका नगर पंचायत चुनाव के संयोजक, पूर्व सांसद व महापौर मधुसूदन यादव, जिला भाजपा के महामंत्री सौरभ कोठारी व डिकेश साहू ने बताया कि पार्टी उक्त दोनों सभाओ की प्रारंभिक तैयारी पूरी कर ली है तथा पार्टी के जमीनी स्तर के सभी कार्यकर्ता चुनाव में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं ।


