राजनांदगांव

थाना प्रभारियों व फील्ड आफिसरों को एसपी ने किया जागरूक
28-May-2026 5:15 PM
थाना प्रभारियों व फील्ड आफिसरों को एसपी ने किया जागरूक

कानून व्यवस्था को लेकर एसपी ने दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 मई।
कानून व्यवस्था, विजबिल पुलिसिंग एवं अनुशासन को लेकर एसपी अंकिता शर्मा ने महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। एसपी ने बैठक में केस स्टडी के माध्यम से थाना प्रभारियों एवं फील्ड ऑफिसर्स को जागरूक किया। कानून व्यवस्था के पूर्वानुमान, त्वरित रिस्पांस एवं प्रभारी पुलिसिंग पर विस्तृत समझाईश दी।

मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा ने मैराथन बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त एवं स्पष्ट निर्देश दिए। आगामी  पर्व-त्यौहार, पंचायत चुनाव एवं अन्य संवेदनशील अवसरों को शांतिपूर्ण, सौहार्द्रपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से एसपी ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की महत्वपूर्ण कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में एएसपी कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़, एसडीओपी डोंगरगांव, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ऑपरेशंस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पूर्व में घटित संवेदनशील प्रकृति की घटनाओं को केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत कर फील्ड ऑफिसर्स एवं थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों के पूर्वानुमान, त्वरित निर्णय क्षमता एवं प्रभावी पुलिस रिस्पांस के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया।

आगामी पंचायत चुनाव, कानून व्यवस्था संबंधी घटनाओं, संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सोशल मीडिया गतिविधियों एवं संभावित चुनौतियों की गहन समीक्षा कर विस्तृत सुरक्षा रणनीति तैयार की गई।
जिले में गठित ‘लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम’ की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते एसपी ने बताया कि  उक्त टीम का गठन लगभग एक माह पूर्व किया गया था, जो पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सदैव रेडी स्थिति में तैनात रहती है।
किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित होने पर टीम द्वारा शहर क्षेत्र में लगभग 10-15 मिनट के भीतर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। बेहतर रिस्पांस टाइम एवं तत्परता हेतु रिजर्व इंस्पेक्टर की सराहना की गई।


अन्य पोस्ट