राजनांदगांव

हरियाणा की एनजीओ को मिला लावारिस कुत्तों का बधियाकरण का ठेका
26-May-2026 4:19 PM
हरियाणा की एनजीओ को मिला लावारिस कुत्तों का बधियाकरण का ठेका

एनजीओ को निगम प्रशासन उपलब्ध कराएगी सभी सुविधाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 26 मई। लावारिश कुत्तों के बधियाकरण को एक अभियान के रूप में जल्द ही नगर निगम और एक गैर सरकारी संगठन शुरूआत करेगा। राजनांदगांव शहर में लावारिश कुत्तों की बढ़ती तादाद के रोकथाम के लिए हरियाणा की एक गैर सरकारी संगठन स्नेह फाउंडेशन को ठेका दिया गया है।

बताया जा रहा है कि राज्य स्तर पर उक्त एनजीओ को समूचे प्रदेश में बधियाकरण का जिम्मा दिया गया है। स्नेह फाउंडेशन हरियाणा में भी पशु नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बधियाकरण का काम कर रही है। राजनांदगांव शहर में लावारिश कुत्तों की संख्या में हाल ही के वर्षों में बेतहाशा वृद्धि हुई है। ऐसे में बधियाकरण के जरिये पशु जन्म में नियंत्रण करने के लिए अभियान शुरू हो गया।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि शासन स्तर पर उक्त फाउंडेशन को बधियाकरण की जिम्मेदारी दी गई है। निगम प्रशासन द्वारा फाउंडेशन द्वारा निर्धारित सुविधाओं को मुहैया कराया जाएगा।  इधर बधियाकरण से लावारिश कुत्तों की संख्या में स्थिरता आएगी। शहर के गली-मोहल्लों के अलावा व्यापारिक ठिकानों में भी लावारिश कुत्तों का आतंक बना हुआ है। एनजीओ द्वारा कुत्तों को पकडक़र बधियाकरण कर उनकी निगरानी की जाएगी। उसके बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि आवारा कुत्तों की आबादी को मानवीय तरीके से नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार ने स्नेह फाउंडेशन को उसके बेहतर अनुभव के चलते ठेका दिया है। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत फिलहाल कुत्तों का बधियाकरण किया जाएगा। इसके साथ ही टीकाकरण भी होगा। राजनांदगांव शहर का अधिकांश इलाकों में लावारिश कुत्तों ने आतंक मचा रखा है। ‘डॉग बाइट’ के मामलों में बढ़ोत्तरी होने के कारण नगर निगम प्रशासन पर लोगों की सुरक्षा को ताक में रखने का आरोप लगता रहा है।

सैर-सपाटे के दौरान उम्रदराज लोगों को अक्सर लावारिश कुत्ते अपने निशाना बनाते रहे हैं। वहीं मासूम बच्चों को भी खेलने के दौरान कुत्तों ने हमला कर जख्मी किया है। जिला अस्पताल में पीडि़तों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई है। ऐसी स्थिति में नगर निगम ने हरियाणा की एनजीओ को लावारिश कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण का काम दिया है। नगर निगम द्वारा कुत्तों का बधियाकरण कर किसी सुरक्षित कमरों में कुछ दिन के लिए रखा जाएगा। एनजीओ की सहमति के बाद ही उन्हें छोड़ा जाएगा।


अन्य पोस्ट