राजनांदगांव

गुपचुप दुकानदार और बेटे पर चाकू से हमला
22-May-2026 4:36 PM
गुपचुप दुकानदार और बेटे पर चाकू से हमला

खाने के बाद पैसे को लेकर विवाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 22 मई। डोंगरगढ़ में एक बार फिर मामूली विवाद में कुछ युवकों ने एक गुपचुप दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद दुकानदार के नाबालिग बेटे को भी युवकों ने अपने हमला कर निशाना बनाया। घटना में जख्मी पिता-पुत्र को राजनंादगांव मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया है। हालांकि पुलिस वारदात को मामूली बता रही है, लेकिन पिता-पुत्र को चाकूनुमा हथियार से जख्मी किया गया है।

पुलिस के मुताबिक एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया गया है। जबकि दो से तीन आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। घटना के संबंध में एसडीओपी  केशरीनंद नायक ने ‘छत्तीसगढ़’  को बताया कि घटना की जांच जारी है। एक आरोपी पुलिस गिरफ्त में है। अन्य की पतासाजी की जा रही है। 

मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास गंजराम जाटव का गुपचुप दुकान है। बीती शाम लगभग 8 बजे कुछ युवक गुपचुप खाने के लिए पहुंचे। दुकानदार ने जब युवकों को गुपचुप का हिसाब दिया, तो युवकों की दुकानदार से बहस हो गई। थोड़ी देर में यह विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और युवकों में से एक ने चाकूनुमा हथियार से गुपचुप दुकानदार गंजराम जाटव 35 वर्ष पर हमला कर दिया। दुकानदार हमले में घायल हो गया। पिता का बचाव करने पहुंचे नाबालिग को भी युवकों ने नहीं बख्शा और उस पर भी हथियार चला दिया।

पुलिस का कहना है कि इस घटना में शामिल एक आरोपी को पकड़ा गया है। मामला गुपचुप खाने के बाद पैसे लेने से जुड़ा हुआ है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि डोंगरगढ़ में आए दिन चाकूबाजी की घटनाओं में इजाफा हो रहा है। अवैध गतिविधियों  के लिए भी डोंगरगढ़ को एक सुरक्षित ठिकाना बना लिया गया है।


अन्य पोस्ट