राजनांदगांव
विस अध्यक्ष व भाजपा नेताओं ने किया था शुभारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 मई। शहर में गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने 112 वाहन को हरी झंडी दिखाकर अपराध रोकने व अपराधियों को सजा दिलाने समेत अन्य सुविधाओं के लिए डायल-112 का शुभारंभ किया था। उक्त वाहनों के शुभारंभ के दूसरे दिन आज शुक्रवार को एक यात्री बस और 112 हाईवे पेट्रोलिंग के बीच नेशनल हाईवे में टक्कर होने का मामला सामने आया है। वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद नई हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था और वाहन संचालन को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे कोतवाली थाना की 112 पेट्रोलिंग वाहन और नागपुर की ओर से आ रही एक यात्री बस के बीच टक्कर हो गई। इस घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं बस में सवार यात्री भी परेशान होते नजर आए। बताया जा रहा है कि गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधानसभा कार्यालय में 22 नई 112 हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर पुलिस विभाग को सौंपा था। इनमें कोतवाली थाना की गाड़ी आज हादसे का शिकार हो गई।
सूत्रों का कहना है कि घटना को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। 112 वाहन चालक का कहना है कि उसकी गाड़ी खड़ी थी और बस चालक ने लापरवाहीपूर्वक पीछे से टक्कर मार दी। वहीं बस चालक का आरोप है कि 112 वाहन ने अचानक ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार नियंत्रित नहीं होने के कारण बस पीछे से टकरा गई। हादसे के बाद बस चालक सहित यात्रियों को करीब दो से ढाई घंटे तक कोतवाली थाना में बैठाकर रखा गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद नई हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था और वाहन संचालन को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।