राजनांदगांव

गौरीनगर में नाबालिग हत्याकांड, एक आरोपी सहित 4 नाबालिग गिरफ्तार
21-May-2026 4:15 PM
गौरीनगर में नाबालिग हत्याकांड, एक आरोपी सहित  4 नाबालिग गिरफ्तार

 परेशान करने व पुरानी रंजिश पर दिया था अंजाम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 मई।
शहर के गौरीनगर इलाके में एक नाबालिग युवक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने एक आरोपी और 4 विधि से संघर्षरत बालक के विरूद्ध कार्रवाई की। आरोपी एवं विधि से संघर्षरत बालकों को न्यायिक रिमांड/संरक्षणात्मक अभिरक्षा में भेजा गया। बताया गया कि मृतक द्वारा परेशान करने एवं पुरानी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी ने 19 मई को रिपोर्ट दर्ज कराया कि 18 मई की शाम 6 बजे से 19  मई की सुबह 6 बजे के मध्य किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसके पुत्र के साथ पत्थर, डंडा एवं धारदार हथियार से मारपीट कर हत्या कर दी गई है। उक्त रिपोर्ट पर थाना/चौकी चिखली में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।  चौकी चिखली पुलिस एवं सायबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा अज्ञात आरोपियों की पतासाजी हेतु गौरीनगर, महादेव नगर एवं अचानकनगर क्षेत्र में त्वरित दबिश दी गई।

घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर  सूचना एवं क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया।  जांच के दौरान आरोपी ईशू यादव उर्फ  पंछी उर्फ पप्पू एवं उसके 4 नाबालिग साथियों पर संदेह होने पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी एवं विधि से संघर्षरत बालकों द्वारा मृतक से पुरानी रंजिश एवं परेशान किए जाने के कारण योजनाबद्ध तरीके से 18 मई की रात्रि गौरीनगर पावर हाउस के पास टावर के नीचे डंडा, पत्थर एवं चाकू से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया गया।

प्रकरण में आरोपी ईशू यादव उम्र 18 वर्ष 9 माह निवासी अचानकनगर आंगनबाड़ी के सामने गौरीनगर एवं 04 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को जेल निरुद्ध एवं विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षणात्मक अभिरक्षा में भेजा गया।


अन्य पोस्ट