राजनांदगांव
जिपं अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 मई। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी पुलिस को अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित 4 नई आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन ईआरवी प्रदान की गई हैं। डायल-112 वाहन फेज-2 नेक्स्ट जेन सेवा को बुधवार को मोहला-मानपुर-अं. चौकी जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह, कलेक्टर मोहला-मानपुर-अं. चौकी तुलिका प्रजापति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वायपी सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि डायल-112 राज्य शासन की एकीकृत एवं अत्याधुनिक आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली है। जिसके माध्यम से नागरिकों को पुलिस, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, प्राकृतिक आपदा सहायता, नेशनल हाईवे सहायता एवं रेल मदद जैसी सेवाएं एक ही नंबर 112 पर उपलब्ध कराई जा रही है। नई ईआरवी वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, मोबाइल डाटा टर्मिनल एमडीटी, जीआईएस आधारित निगरानी प्रणाली, लोकेशन बेस्ड सर्विस एलबीएस एवं इमरजेंसी लोकेशन सर्विस ईएलएस जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे किसी भी आपातकालीन घटना की सूचना प्राप्त होते ही त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ भारती चंद्राकर, जनप्रतिनिधि दिलीप वर्मा, मदन साहू, रमेश हिडामे, अनिल गुप्ता, सहित अधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं सभी स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि डायल-112 सेवा के माध्यम से आमजन को चौबीसों घंटे त्वरित सहायता उपलब्ध कराना शासन एवं पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। जिला पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी दुर्घटना, अपराध, आगजनी,चिकित्सा आपातकाल अथवा अन्य संकट की स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें एवं इस महत्वपूर्ण सेवा का अधिकाधिक लाभ उठाएं।


