राजनांदगांव

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का बाजार में हल्ला बोल
19-May-2026 4:11 PM
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस  का बाजार में हल्ला बोल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मई।  
शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार शाम बढ़ती महंगाई के खिलाफ  किराना बाजार क्षेत्र में विरोध-प्रदर्शन एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव के नेतृत्व में कांग्रेसजन शहीद भगत सिंह चौक में एकत्रित हुए, जहां से गुड़ाखू लाइन, जूनीहटरी के बाजार क्षेत्र की ओर कूच कर खुदरा व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद किया गया।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है। जबकि आम जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को कमजोर किया है और इसका सीधा असर गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों तथा छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है।
ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी आम लोगों की आवाज बनकर सडक़ से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर ईंधन तक हर क्षेत्र में बढ़ती कीमतों ने लोगों का जीवन संकट में डाल दिया है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पदम सिंह कोठारी, रमेश राठौर, भागवत साहू, विवेक वासनिक, राकेश जोशी, मामराज अग्रवाल, इकरामुद्दीन सोलंकी,  कमलजीत सिंह पिंटू,  झम्मन देवांगन, अशोक पंजवानी,  मनीष गौतम,    वीरेंद्र चंद्राकर,  प्रवीण मेश्राम, चेतन भानुशाली,  हेमंत ओस्तवाल,  ललित मरकाम,  मनीष साहू, विशु आजमानी, राजिक सोलंकी सहित अन्य कार्यकर्ता  व समर्थक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट