राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 मई। भारत सरकार खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता लाने हॉकी इंडिया के निर्देशानुसार रविवार को दिग्विजय स्टेडियम राजनांदगांव में छत्तीसगढ़ हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी, उमेश भोजानी अधीक्षक सेंट्रल जीएसटी, वैभव शर्मा निरीक्षक सेंट्रल जीएसटी, विपिन पंड्या सहायक निरीक्षक जीएसटी, केसी त्रिपाठी इंचार्च साईं सेंटर राजनांदगांव की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते सौरभ शर्मा ने कहा कि यदि कद्दू को उंगली बता दो तो गिर जाता है। जिसके संबंध में बताया कि कद्दू के फूलों को पराग पद्धति द्वारा स्वस्थ किया जाता है। उसी प्रकार जीवन में स्वस्थ रहना है तो नियमित साइकिल चलाएं। छग हॉकी अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि आज फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल रैली कार्यक्रम के माध्यम से भारत सरकार द्वारा फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम रखा गया है, जो कि इस कार्यक्रम का 75वां एडिशन है। विगत 75 संडे से इस आयोजन को साईं सेंटर राजनांदगांव आयोजित करते आ रही है। उन्होंने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन साइकिल चलाना चाहिए।
केसी त्रिपाठी ने बताया कि भारत सरकार खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्राप्त निर्देश पर प्रति रविवार लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए पूरे भारत में फिट इंडिया साइकिल रैली का आयोजन किया जाता है। उमेश भोजानी ने बताया कि स्वस्थ रहना है, इसके पहले नियम व अनुशासन में रहना जरूरी है। जिससे हम नियमित अभ्यास कर स्वस्थ रह सकते हैं। प्रदीप शर्मा ने बताया कि फिटनेस की डोज आधा घंटा रोज का दिया गया संदेश आज जन-जन तक पहुंचने के लिए भारत सरकार खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर प्रति रविवार को यह कार्यक्रम किया जाता है।


