राजनांदगांव

बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने बोला हल्ला
18-May-2026 4:09 PM
बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने बोला हल्ला

पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 18 मई। शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार शाम महावीर चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि, ईंधन संकट और गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर आक्रामक विरोध प्रदर्शन किया।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेसियों ने केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।  हाथों में बैनर-तख्तियां और स्लोगन लेकर पहुंचे कांग्रेसियों ने महावीर चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने बढ़ती महंगाई को लेकर हल्ला बोलते जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेसियों ने कहा कि देशभर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत से लोग परेशान हैं। कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही है और भीषण गर्मी में आम लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर  की आपूर्ति प्रभावित होने से महिलाओं और परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक और प्रबंधन नीतियों के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

श्री मुदलियार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र की भाजपा सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि एक ओर पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दूसरी ओर अब देशभर में ईंधन की किल्लत जैसी स्थिति बन गई है। लोग तपती गर्मी में पेट्रोल पंपों के बाहर लाइन लगाने मजबूर हैं, लेकिन केंद्र सरकार को आम जनता की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति संकट ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। महंगाई ने गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार, किसान, मजदूर, व्यापारी और युवाओं की कमर तोड़ दी है। केंद्र सरकार टैक्स के जरिये लगातार जनता की जेब पर बोझ डाल रही है। जबकि राहत देने के नाम पर सिर्फ  बयानबाजी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सडक़ पर उतर रही है और जब तक महंगाई, ईंधन संकट और गैस किल्लत पर नियंत्रण नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप पहुंचे वाहन चालकों और आम नागरिकों से संवाद कर बढ़ती महंगाई और ईंधन संकट से हो रही परेशानियों पर चर्चा की तथा केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।  इस दौरान डॉ. आफताब आलम,  प्रवीण मेश्राम,  मेहुल मारू, श्रीकिशन खंडेलवाल, रमेश राठौड़,  भागवत साहू, कमलजीत सिंग पिंटू, राकेश जोशी, इकरामुद्दीन सोलंकी, चेतन भानुशाली, माया शर्मा, अशोक  फडऩवीस,   हेमंत ओस्तवाल, सूर्यकांत जैन, मनीष गौतम,  मनीष साहू,  ललित मरकाम,  झम्मन देवांगन,  मामराज अग्रवाल सहित अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


अन्य पोस्ट