राजनांदगांव
राजनांदगांव, 17 मई। महाराष्ट्र का महुआ शराब परिवहन करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकडक़र कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के पास से दो पिट्टू बैग में 100 पालीथिन में पैक हाथ भट्टी महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त एक मोटर साइकिल को जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार 16 मई को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए चांद-सूरज महाराष्ट्र से बोरतलाव की ओर मोटर साइकिल से आने वाला है। सूचना पर ग्राम भरकाटोला के पास नाकाबंदी कर मोटर साइकिल को रोककर पूछताछ किया। मोटर साइकिल चालक ने अपना नाम विष्णु टेकाम 43 वर्ष निवासी चांद-सूरज दर्रेकसा जिला गोंदिया महाराष्ट्र का होना बताया। उसके पास रखे 2 पिट्टू बैग में 100 पालीथिन में पैक महुआ शराब पाया गया। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर शराब व घटना में प्रयुक्त वाहन को विधिवत जब्त किया गया। आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट का घटित करना पाए जाने से अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार का न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।


