राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मई। मारपीट, जानलेवा हमला और आगजनी मामले का मुख्य फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली पुलिस टीम ने गंभीर अपराध क्रमांक 141/26 के मुख्य फरार आरोपी आनंद सोनकर 27 वर्ष निवासी कोइरियापारा मउ उत्तर प्रदेश वर्तमान निवासी फ्लाई ओवर के नीचे डेरा पोस्ट आफिस चौक राजनांदगांव को दुर्ग से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर 28 मई 2026 तक के लिए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि कोतवाली थानांतर्गत फ्लाई ओवर के नीचे पोस्ट ऑफिस चौक के पास रहने वाले प्रार्थी संजय मंडावी 30 वर्ष और उनके परिजनेां पर आरोपियों द्वारा शराब पीने के लिए पैसे न देने की बात पर विवाद किया गया था। पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां देते जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने डंडा और फाइबर की बेंत से ताबड़तोड़ हमला कर प्रार्थी और उनके परिजनों को गंभीर प्राण घातक चोटें पहुंचाईं। इसके अतिरिक्त आरोपियों द्वारा प्रार्थी के डेरा (झोपड़ी) में आग लगाकर सामान को भारी नुकसान भी पहुंचाया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की। मामले की अन्य सह-आरोपियों फिरोजा उर्फ सिमरन और विशाखा ठाकुर को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उक्त आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था। जिसकी तलाश हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार दबिश दी जा रही थी। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस स्टाफ ने दुर्ग जाकर आरोपी को अपनी अभिरक्षा में लिया। जिसने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने पर जिला जेल राजनांदगांव दाखिल कराया गया है।---


