राजनांदगांव
आयुक्त ने वार्डों का भ्रमण कर लिया व्यवस्था का जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मई। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शुक्रवार सुबह सफाई कार्य का निरीक्षण करने वार्डों में पहुंचे। उन्होंने अम्बेडकर चौक, नया बस स्टैंड, गौरव स्थल में साफ-सफाई का औचक निरीक्षण कर सफाई में सुधार के निर्देश दिए।
आयुक्त ने अम्बेडकर चौक में साफ-सफाई देख चौक-चौराहों की प्रतिदिन सफाई कर कचरा उठाने, चौक में श्रमिक भवन के पीछे के उद्यान की सफाई कर कचरा उठाने, अम्बेडकर चौक के आसपास एवं मंदिर के पास के दुकानदारों को डस्टबिन का उपयोग करने, गंदगी नहीं फैलाने, दो पहिया वाहन मरम्मत दुकानदार को वाहन धोते समय गंदगी नहीं करने, चौक के पास फ्लाई ओवर के नीचे होटल वालों से फैलाकर सामान नहीं लगाने तथा साफ-सफाई रखने तथा गंदगी पाए जाने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने नया बस स्टैंड का निरीक्षण के दौरान प्रतिदिन परिसर की सफाई कराने स्वच्छता निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव को निर्देशित किया। साथ ही हाईटेक शौचालय की नियमित सफाई करने तथा टिकट काउंटर के पास रखी अस्थाई गाडिय़ों को हटवाकर साफ-सफाई रखने, प्रतीक्षालय में आवश्यक मरम्मत कर रैलिंग लगाने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने बस स्टैंड के आसपास के दुकानदारों, होटल व फल विक्रेताओं को साफ-सफाई रखने, डस्टबिन का उपयोग करने, झिल्ली पन्नी यूज नहीं करने समझाईस देने कहा। इसके अलावा अनावश्यक बहते नल को काटने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि बस स्टैंड रोड व नाली के उपर ठेला खोमचा नहीं लगाने, गौरव स्थल के आसपास नियमित सफाई करने, सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण कर शौचालय में समुचित सफाई के अलावा पानी की पर्याप्त उपलब्धता तथा आवश्यक व्यवस्था मुहैया कराने संचालक को निर्देशित किया।


