राजनांदगांव

सीमा ने बिहान से जुडक़र बचत कर चुकाया ऋण
16-May-2026 5:16 PM
सीमा ने बिहान से जुडक़र बचत कर चुकाया ऋण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मई।
 छोटी-छोटी बचत से बड़े फायदे होते हैं। ऐसी ही एक मिसाल राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम सिंघोली की सीमा साहू ने पेश की है, जिन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुडक़र अपने साहस, हिम्मत एवं मेहनत से अपना एक समूह बनाया। बचत को अपने जीवन का हिस्सा बनाते वित्तीय सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाया।

उन्होंने विभिन्न तरह की आजीविका मूलक गतिविधियों से जुडक़र अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार किया। सीमा साहू ने बताया कि वह चंद्रहासिनी स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं। वे एक संयुक्त परिवार में रहती हैं, जहां ननद एवं देवर की शादी के लिए साहूकार से उन्होंने ब्याज पर कर्ज लिया था। ग्राम में महिलाओं के समूह पहले से बन चुके थे। उन्होंने अपना स्वयं का समूह बनाकर 10 महिलाओं को जोडऩे का कार्य किया। प्रारंभिक तौर पर संकुल से 15 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई। समूह की महिलाओं ने ऋण की समस्या को देखते उनकी मदद की।

सीमा ने बताया कि थोड़ी-थोड़ी राशि से बचत करते ऋण चुका दिया और फिर से बचत किया।
समूह से राशि लेकर रेगहा की भूमि पर खेती करने का कार्य किया तथा कृषि मित्र के तौर पर जैविक खेती का कार्य भी जारी रहा। उन्होंने कहा कि बचत करते इस मुकाम तक पहुंची है। सिलाई के व्यवसाय से भी अच्छी आमदनी प्राप्त हो रही है। प्रतिमाह 8 हजार रुपए तक की आमदनी मिल रही है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से बहुत मदद मिली है और आत्मविश्वास बढ़ा है। वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला रही है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी नर्सिंग का कोर्स कर रही है। सीमा ने बताया कि भविष्य में वे लघु उद्यम से जुडक़र दुकान खोलना चाहती है। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढऩे से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की राह बनी है।


अन्य पोस्ट