राजनांदगांव

14 पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान
15-May-2026 4:38 PM
14 पंचायतों के ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ समाधान

जिला प्रशासन बस से पहुंचा साल्हे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 मई।
राज्य शासन की मंशानुरूप सुशासन तिहार के अंतर्गत गुरुवार को जिला प्रशासन का अमला बस से जिले के अंतिम छोर के ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने छुरिया विकासखंड के ग्राम साल्हे पहुंचा। ग्राम पंचायत साल्हे क्लस्टर में 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों के लिए जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 8 हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं 15 हितग्राहियों को नया राशन कार्ड, 15 हितग्राहियों को नया जॉब कार्ड, 7 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति, 5 हितग्राहियों को श्रमिक कार्ड तथा 4 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा 4 बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत 16 हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दी गई तथा 14 स्वच्छता दीदियों को स्वच्छता किट वितरित की गई। कृषि विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को मूंग बीज वितरण किया गया। बिहान योजना के अंतर्गत 2 महिला स्व सहायता समूहों को 6-6 लाख रूपए का ऋण वितरण किया गया। स्वामित्व योजना के तहत 10 हितग्राहियों को अधिकार पत्र प्रदान किए गए। मत्स्य पालन विभाग द्वारा आदिवासी मछुआ समूह ग्राम पंचायत जोंधरा को मछली पकडऩे हेतु जाल एवं आईस बॉक्स तथा जय गुहा निषाद मछुआ सहकारी समिति मर्यादित मन्होरा को आईस बॉक्स प्रदान किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई तथा नन्हे बच्चों की माताओं को सुपोषण किट प्रदान कर पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि सुशासन तिहार शासन-प्रशासन और ग्रामीणों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है। पहले लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालय जाना पड़ता था, लेकिन अब पूरा प्रशासन गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहा है।  उन्होंने ग्राम साल्हे में मुक्तिधाम निर्माण की घोषणा भी की। साथ ही 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन-प्रशासन स्वयं गांव पहुंचकर अंतिम छोर के लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अब छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जनपद या जिला मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि विभिन्न विभागों के अधिकारी शिविर में उपस्थित होकर त्वरित निराकरण कर रहे हैं।
अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार 1 मई से 10 जून तक पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 10 से 15 पंचायतों के क्लस्टर बनाकर कुल 62 जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।  इस अवसर पर उपाध्यक्ष जनपद पंचायत  प्रशांत ठाकुर एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू ने भी संबोधित किया।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य गोपाल सिंह भुआर्य, जिला पंचायत सदस्य बिरम मण्डावी, जनपद सदस्य अंजली, जनपद सदस्य भेष साहू, जनपद सदस्य लक्ष्मीबाई मंडावी, हरिलाबाई, एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोर्राम, तहसीलदार विजय कोठारी, े जनपद पंचायत सीईआ होरीलाल साहू सहित 14 ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट