राजनांदगांव

पेट्रोल पंपों में उमड़ रही भीड़ अचानक बढ़े दाम से भडक़े लोग
15-May-2026 4:07 PM
पेट्रोल पंपों में उमड़ रही भीड़  अचानक बढ़े दाम से भडक़े लोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 15 मई। पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैली अफवाहों के बीच दूसरे दिन शुक्रवार को शहर के पेट्रोल पंपों में सुबह से ही अचानक भीड़ बढ़ गई। गुरुवार को देर रात तक शहर के अधिकांश पंपों में दोपहिया वाहन और कार चालकों की लंबी कतारें नजर आई।

सामान्य दिनों में जहां लोग जरूरत के हिसाब से 2 से 3 लीटर पेट्रोल डलवाते थे। वहीं अब बड़ी संख्या में वाहन चालक अधिक मात्रा में पेट्रोल-डीजल वाहनों के टैंक में डलवा रहे हैं। शहर के पुलिस पेट्रोल पंप, बसंतपुर स्थित एक पेट्रोल पंप सहित अन्य पेट्रोल पंपों में आम उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल समाप्त होने की सूचना देकर बैरंग लौटाया जा रहा है। वहीं कुछ पेट्रोल पंपों में जहां पेट्रोल मिल रहा है, वहां वाहन चालकों की लंबी कतारें देखी जा रही है। 

सूत्रों का कहना है कि कुछ पेट्रोल पंपों में ईंधन खत्म हो गया है और कई जगह पंप बंद है। इसी वजह से नौकरीपेशा लोग और फील्ड में काम करने वाले कर्मचारी एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पेट्रोल भरवा रहे हैं, ताकि आने वाले दिनों में किसी परेशानी का सामना ना करना पड़े। ज्ञात हो कि जिला प्रशासन ने गुरुवार को पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को नियमानुसार पेट्रोल और डीजल की बिक्री करने के निर्देश दिए। साथ ही नियम के विरूद्ध रिेटेल पेट्रोल पंप से औद्योगिक कार्य के लिए पेट्रोल-डीजल नहीं दें। कलेक्टर ने बैठक में कहा था कि जिले में पेट्रोल एवं डीजल की सतत आपूर्ति हो रही है और संकट की स्थिति नहीं है। उन्होंने सभी पेट्रोल-डीजल संचालकों से कहा कि जमाखोरी की स्थिति नहीं होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार नियमों के तहत पेट्रोल एवं डीजल देना सुनिश्चित करें। ईंधन की बचत को ध्यान में रखते पेट्रोल एवं डीजल का उपयोग करना है।

 पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम

शहर के पेट्रोल पंपों में पेट्रोल-डीजल के लिए जहां उपभोक्ताओं की लंबी कतार नजर आ रही है। वहीं यह भी खबर आ रही है कि पेट्रोल और डीजल के दामों में क्रमश: 3-3 रुपए की बढ़ोत्तरी हो गई है।  अब वर्तमान में सादा पेट्रोल 104.24 रुपए और पावर पेट्रोल के दाम 113.08 रुपए हो गए हैं। इधर पेट्रोल लेने के लिए पेट्रोल पंपों में पेट्रोल लेने के लिए दोपहिया वाहनों की कतारें नजर आ रही है।


अन्य पोस्ट