राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 मई। शासन के निर्देश के अनुक्रम में प्लास्टिक मुक्त नगर की परिकल्पना को साकार करने प्लास्टिक का उपयोग प्रतिबंधित किए जाने तथा सडक़ में बिल्डिंग मटेरियल व मलमा रखने पर मलमा मंडप के तहत कार्रवाई करने नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा द्वारा गठित टीम कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई की कड़ी में बुधवार को नगर निगम का स्वास्थ्य अमला ने गंज चौक के बजाज प्लास्टिक व किराना दुकान तथा फल ठेला में दबिश दी और प्रतिबंधित प्लास्टिक विक्रय करने पर 2300 रुपए अर्थदंड वसूल कर 5 किलो झिल्ली पन्नी जब्त किया।
आयुक्त ने बताया कि प्लास्टिक प्रतिबंधित करने शासन निर्देश के अनुक्रम में नगर निगम द्वारा प्रतिदिन व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर साफ-सफाई रखने, डस्टबिन का उपयोग करने, प्लास्टिक के उपयोग व विक्रय पर प्रतिबंध किए जाने समझाईस देने के अलावा कार्रवाई भी की जा रही है। कार्रवाई की कड़ी में बुधवार को गंज चौक में दबिश देकर दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने तथा डस्टबिन नहीं रखने पर गंज चौक के बजाज प्लास्टिक से 500 रुपए जुर्माना वसूल कर 3 किलो पालीथिन जब्त किया।
इसी तरह 10 किराना एवं फल विक्रेताओं से 1800 रुपए जुर्माना वसूल 2 किलो झिल्ली पन्नी जब्त किया। उक्त कार्रवाई प्रतिदिन जारी रहेगी। टीम ने गन्ना रस विक्रेताओं को डिस्पोजल गिलास का उपयोग नहीं करने समझाईश दी।
उन्होंने कहा कि आज प्लास्टिक के कारण पर्यावरण पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही जानवर द्वारा इसे खाने से उनके शरीर पर दुष्प्रभाव पड़ रहा है। इन बातों को ध्यान में रखकर शासन ने इसके विक्रय एवं उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील करते कहा है कि मलमा सडक़ पर न रखे एवं अपने दुकान का समान दुकान की सीमा में रखे तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा डस्टबिन का उपयोग करें अन्यथा जब्ती करते अर्थदंड की कार्रवाई की जाएगी।


