राजनांदगांव

प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में करेंगे कार्य- रमन
14-May-2026 3:54 PM
प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में करेंगे कार्य- रमन

 साढ़े 4 करोड़ के 115 विकास कार्यों का लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 मई।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मुड़पार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल हुए।
विस अध्यक्ष ने 4 करोड़ 50 लाख 59 हजार रुपए के 115 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने ग्राम मुड़पार से खरखरा नदी तक 2 किमी सडक़ निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 1 से 10 मई 2026 तक चलने वाले सुशासन तिहार अंतर्गत गांव-गांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में हेलीकॉप्टर से पहुंचकर ग्रामीणों का हालचाल पूछ रहे हैं। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ले रहे हैं और जनमानस की समस्याओं का समाधान कर रहे हंै।

जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे है। जिसका एक माह में निराकरण कर आवेदक को सूचित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत प्रदेश में 18 लाख से अधिक नए आवास की स्वीकृति दी गई। जिसमें से 30 हजार 46 आवास निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। राजनांदगांव जिले में 10 हजार 304 आवास स्वीकृत किए गए। जिसमें से 6447 आवास पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में जिला स्तरीय अधिकारी पहुंचकर समस्याओं का निराकरण कर रहे है।

उन्होंने ग्रामीणों से शिविर में अपनी मांग एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मंडी बोर्ड से 12 करोड़ रुपए एवं राजस्व विभाग से 11 करोड़ रुपए से ज्यादा कार्य स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी विकास के कार्य निरंतर जारी रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत तथा विकसित छत्तीसगढ़ बनाने की दिशा में कार्य करेंगे और राजनांदगांव जिले को आगे बढ़ाएंगे। प्रदेश को अग्रणी राज्य बनाएंगे।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने प्रशासकीय प्रतिवेदन का वाचन किया। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार अंतर्गत जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 10 क्लस्टर में जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे है, जहां शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा जनमानस को अधिक से अधिक लाभान्वित करने प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 62 शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मांग के 5 हजार तथा शिकायत के 115 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि राजनांदगांव जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 29 हजार आवास बने हैं तथा राजनांदगांव जिला प्रदेश में अव्वल रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.5 अंतर्गत 7119 गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं तथा समूह की 42 हजार महिलाएं लखपति दीदी बनी है।

शिविर में 4 करोड़ 50 लाख 59 हजार रुपए के 115 कार्यों का लोकार्पण किया। जिसमें मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास अंतर्गत 76 लाख 57 हजार रुपए के 16 कार्य, विधायक निधि अंतर्गत 91 लाख 60 हजार रुपए के 22 कार्य, जिला खनिज न्यास संस्थान अंतर्गत 38 लाख 65 हजार रुपए के 14 कार्य, हाट बाजार विकास कार्य अंतर्गत 29 लाख 68 हजार रुपए के 2 कार्य, प्रभारी मंत्री अंतर्गत 17 लाख रुपए के 3 कार्य, राज्य माध्यमिक शिक्षा मिशन अंतर्गत 10 लाख 72 हजार रुपए के 4 कार्य, स्कूल जतन योजना अंतर्गत 3 लाख 18 हजार रुपए के 3 कार्य, सांसद निधि अंतर्गत 5 लाख रुपए के 1 कार्य, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास प्राधिकरण अंतर्गत 82 लाख 36 हजार रुपए के 18 कार्य, एससीए-एलडब्ल्यूई अंतर्गत 21 लाख रुपए के 3 कार्य, जनपद पंचायत विकास निधि अंतर्गत 18 लाख 9 हजार रुपए के 15 कार्य, अधोसंरचना उपकर निधि अंतर्गत 47 लाख 80 रुपए के 8 कार्य, लोक शिक्षण मद अंतर्गत 1 लाख 94 हजार रुपए के 4 कार्य, धार्मिक न्यास अंतर्गत 5 लाख रुपए के 1 कार्य, 15वें वित्त अंतर्गत 2 लाख रुपए के 1 कार्य शामिल है।

इस दौरान आरबीसी 6-4 के तहत ग्राम सोमनी निवासी सरोज निषाद एवं ईश्वरदास को आर्थिक सहायता हेतु 4-4 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया। शा. उ. मा. शाला अंडी में कक्षा 10वीं व 12वीं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित हुए। पोट्ठ लईका पहल अंतर्गत 4 बच्चों को सुपोषण किट प्रदान किया गया। दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शाल-श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया गया। दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल का वितरण किया गया। ग्राम धामनसरा स्वच्छता समिति को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष  किरण साहू, राजनांदगांव जनपद अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, संतोष अग्रवाल, सौरभ कोठारी, रोहित चंद्राकर, सुमीत उपाध्याय, भावेश बैद, पुलिस अधीक्षकअंकिता शर्मा, डीएफओ आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल, राजनांदगांव जनपद  सीईओ मनीष साहू सहित ग्राम पंचायतों के सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट