राजनांदगांव

शराब तस्करों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त
14-May-2026 3:02 PM
शराब तस्करों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त

मप्र की 43 शराब की पेटी जब्त, पुलिस वाहन को भी ठोका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 मई। जिले के बागनदी पुलिस ने मध्यप्रदेश निर्मित शराब की तस्करी करने वाले एक गिरोह को 43 पेटी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बाजार में जब्त शराब की कीमत लगभग 3 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए आरोपियों ने पहले बेरीकेट्स और उसके बाद पुलिस वाहन को भी ठोंकने से गुरेज नहीं किया। पुलिस ने पीछा कर वाहन को उस वक्त पकड़ा, जब हड़बड़ाए तस्करों की वाहन सडक़ से नीचे उतर गई। पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी दुर्ग और भिलाई के रहने वाले हैं।

एएसपी कीर्तन राठौर ने गुरुवार को घटना की जानकारी देते पत्रकारवार्ता में बताया कि गुरुवार तडक़े एक वाहन से शराब तस्करी की खबर मिलने के बाद पुलिस ने बेरीकेट्स लगाकर वाहन को रोकने की कोशिश की। नाकाबंदी को तोडक़र तस्करों ने पुलिस वाहन को भी टक्कर मार दी और उसके बाद तेज रफ्तार से भागने के दौरान कार सडक़ के किनारे उतर गई। इस घटना में तस्करों की कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने लगभग 2 लाख 90 हजार कीमत की मप्र निर्मित शराब की 43 पेटी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा के रहने वाले किशन धीवर 25 वर्ष एवं भिलाई के स्मृति नगर के करण केंवट 21 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने एक तरह से पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ऐसे में जवानों ने जान जोखिम में डालकर आरोपियों को धरदबोचा। आरोपियों के विरूद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। 


अन्य पोस्ट