राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 मई। शहर के पुराने रेस्ट हाउस-स्टेशन रोड स्थित एक व्यापारी के गोदाम से 12 लाख रुपए की सिगरेट चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 3 युवकों को महाराष्ट्र के पुणे शहर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पुलिस ने एक 10 लाख कीमती की कार भी जब्त की है।
गुरुवार को एएसपी कीर्तन राठौर ने घटना की जानकारी देते पत्रकारवार्ता में बताया कि 30 अप्रैल की रात को पुराना रेस्ट हाउस स्थित अनमोल परिसर में कारोबारी राहुल तेजवानी का एक गोदाम स्थित है। जिसमें चोरों ने अलग-अलग ब्रांड की महंगी सिगरेट के कार्टून की चोरी की।
पुलिस के मुताबिक चोरों ने लगभग 5 कार्टून महंगी सिगरेट को पार कर दिया। जिसकी कीमत कुल 11 लाख 90 हजार रुपए आंकी गई। सीसीटीवी फुटेज में भी आरोपियों ने बेखौफ अंदाज में घटना को अंजाम दिया। घटना की सुबह व्यापारी को चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी के लिए साइबर टीम की मदद ली। एएसपी ने बताया कि घटना में शामिल सागर घोडक़े 29 वर्ष, कुणाल पांडुरंग जाधव 26 वर्ष और विपुल विटकर 21 साल (सभी पुणे निवासी) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। तीनों ने चोरी में शामिल होना कबूल किया। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद चोरों ने सिगरेट को अलग-अलग इलाकों में बेच दिया। हालांकि पुलिस को चोरी का सामान नहीं मिला। करीब पखवाड़ेभर बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आए और सभी को जेल भेज दिया।


