राजनांदगांव

यातायात नियमों का उल्लंघन, 193 मामलों में 65 हजार का अर्थदंड
12-May-2026 6:21 PM
यातायात नियमों का उल्लंघन, 193 मामलों में  65 हजार का अर्थदंड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 मई।
केसीजी यातायात पुलिस ने सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया। चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में आमजन को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की। मई माह में अब तक कुल 193 प्रकरणों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई समन शुल्क/अर्थदंड 64900 रुपए वसूला गया।
मिली जानकरी के अनुसार जिला केसीजी पुलिस द्वारा सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत चौक-चौराहों एवं बाजार क्षेत्रों में नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया जा रहा है।

वाहन चालकों को विशेष रूप से नियमों को लेकर समझाइश दी जा रही है। जिसमें वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, मोटर साइकिल चलाते समय हेलमेट पहनना, मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाना, बिना नंबर प्लेट के वाहन का संचालन न करना, मोटर साइकिल पर तीन सवारी न बैठाना, शराब सेवन के पश्चात वाहन न चलाना, वाहन के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखना शामिल है।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई। जिसमें बिना नंबर प्लेट के 64 प्रकरण, तीन सवारी के 37 प्रकरण, बिना हेलमेट 14 प्रकरण, मालवाहक वाहन में सवारी 02 प्रकरण, शराब पीकर वाहन चलाने के 4 प्रकरण, प्रेशर हॉर्न के 15 प्रकरण व अन्य धारा के 57 प्रकरण कुल 193 प्रकरणों पर कार्रवाई कर  समन शुल्क/अर्थदंड 64900 रुपए वसूला गया। 


अन्य पोस्ट