राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 मई। नई उड़ान ग्रीष्म शिविर में बच्चों को साइबर अपराध एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार इंसाफ फाउंडेशन (आरोग्य सखी प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़) द्वारा आयोजित ‘नई उड़ान ग्रीष्म शिविर’ के अंतर्गत 10 मई को सर्व समाज मांगलिक भवन चिखली में बच्चों को पौष्टिक डाईट के साथ-साथ साइबर जागरूकता एवं महिलाओं व बच्चों के विरूद्ध होने वाले अपराध के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में साइबर थाना राजनांदगांव से एएसआई द्वारिका प्रसाद लाऊत्रे द्वारा 50 से अधिक बच्चों एवं स्टाफ को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें,
ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें तथा ऑनलाइन गेमिंग एवं फर्जी लॉटरी/इनाम के झांसे से बचे। साथ ही साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने एवं पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त रक्षा टीम द्वारा उपस्थित बच्चों को गुड टच -बैड टच, घरेलू हिंसा, व्यक्तिगत सुरक्षा एवं महिला/बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देकर अभिव्यक्ति एप के बारे में बात कर उनके मोबाइल फोन में इंस्टॉल भी कराया गया और वहां उपस्थित बच्चों एवं संस्था के स्टाफ को जागरूक किया गया।


