राजनांदगांव
महापौर ने सुशासन तिहार का लाभ लेने नागरिकों से की अपील
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 मई। शासन के निर्देशानुसार नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने एवं उन्हें शासन की योजना का लाभ देने आयोजित सुशासन तिहार 2026 के लिए वार्डों में आयोजित समाधान शिविर के तहत सोमवार को 3 वार्ड क्रमश: वार्ड नं. 11, 12 व 13 के लिए गौरीनगर स्कूल मैदान में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 132 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें मांग के 115 शिकायत के 17 आवेदन प्राप्त हुए।
सोमवार को शिविर में महापौर मधुसूदन यादव ने वार्डवासियों से रूबरू होकर उनके आवेदनों व मांग पर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। वहीं नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा शिविर का जायजा लेकर कर्मचारियों से चर्चा कर आवेदकों को पोर्टल में ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए। शिविर का शुभारंभ महापौर ने छत्तीसगढ़ महतारी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन कर किया। शिविर में महापौर सहित वरिष्ठ पार्षद हफीज खान, शिव वर्मा व पार्षद मनोहर यादव ने लाभार्थियों को वितरण की कड़ी में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी पुष्पा यादव को सिलाई व्यवसाय के लिए बैंक आफ बड़ौदा का चेक के माध्यम से 15 हजार रुपए का प्रथम किस्त दिया गया।
महापौर श्री यादव ने कहा कि सरकार की मंशा नागरिकों के बीच जाकर उनकी समस्या से अवगत होकर उसका समाधान करना तथा शासन की योजना का लाभ देना है। शिविर में छोटी-छोटी समस्या जैसे श्रम कार्ड, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, निराश्रित पेंशन जैसे प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करना है तथा बड़ी समस्या जैसे रोड, नाली निर्माण, विद्युत खंभा जैसे समस्या का प्राथमिकता तय कर प्रक्रिया पश्चात निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग के कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ आवेदन ले रहे है और उसे अपलोड कर विभाग वार निराकरण किया जाएगा। शिविर में कुछ मांगे आई है। जिसमें गौरीनगर में स्कूल मरम्मत, डामरीकरण, हाई मास्क लगाने तथा वार्ड नं. 12 में पाईप लाइन विस्तार के अलावा वार्ड नं. 11 में दुर्गा मंच जीर्णोद्धार जिसका अतिशीघ्र निराकरण किया जाएगा।
समस्याओं को लेकर दिया गया आवेदन
गौरीनगर के पार्षद हफीज खान ने कहा कि शिविर में वार्ड के विभिन्न समस्या जैसे डामरीकरण, तालाब सौंदर्यीकरण, नजूल पट्टा दिलाने, स्कूल मरम्मत, मैदान में हाईमास्क लगाने, स्वागत द्वार संबंधी आवेदन महापौर एवं आयुक्त को दिया गया है। उन्होंने कहा कि महापौर श्री यादव ने हॉईमास्क, डामरीकरण, विद्युत पोल हटाने, स्कूल मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। जिसका हम स्वागत करते हैं। वार्ड की समस्या का समाधान होनी चाहिए।
13 को ठा. प्यारेलाल स्कूल में शिविर
वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने शिविर में शासन की योजना का जानकारी देते योजना का लाभ लेने एवं अपनी मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन करने की अपील की। कल 13 मई को वार्ड नं. 16, 17, 18, 19 व 23 के लिए ठा.प्यारेलाल सिंह स्कूल में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया है। शिविर में कार्यपालन अभियंता (संविदा) यूके रामटेके सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


