राजनांदगांव
जिला चिकित्सालय की सीनियर स्टॉफ नर्स शशि सोना की नर्सिंग सेवा बनी मिसाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 मई। राजनांदगांव जिला चिकित्सालय में पदस्थ शशि सोना वैसे तो स्टॉफ नर्स के पद पर कार्य करते माहांत में सेवानिवृत्त हो रही है। तीन दशक के नर्सिंग सेवा में श्रीमती सोना ने मरीजों के इलाज और उनके देखभाल का जिस तरह से व्यवहारिक दायित्व निभाया। वह जिला चिकित्सालय में अन्य सहकर्मियों के लिए एक मिसाल बन गया है। बेहद ही सरल और अच्छे बोलचाल की वजह से श्रीमती सोना को न सिर्फ नर्सिंग स्टॉफ बल्कि अस्पताल से उपचारार्थ बाद घर लौटने वाले मरीज भी उनके व्यवहार और सेवा भाव के कायल रहे हैं। यही कारण है कि विश्व नर्सिंग दिवस के महीने में सेवानिवृत्त होने की खबर के बाद चिकित्सकीय जगत उन्हें कठोर मन से भावभीनी बिदाई देने की तैयारी कर रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा करते श्रीमती सोना ने बताया कि अविभाजित मध्यप्रदेश के बडवानी में 1989 में बतौर स्टॉफ नर्स स्वास्थ्य विभाग में कार्य शुरू किया था। पदस्थापना के दो वर्ष बाद वह राजनांदगांव जिला चिकित्सालय में स्थानांतरण होकर पहुंची, तब से वह लगातार 37 वर्षों से जिला चिकित्सालय में कार्य कर रही है। इस माह के आखिरी तारीख को वह रिटायर हो जाएगी।
बताया जा रहा है कि उनके अच्छे व्यवहार और कार्यों को देखकर अन्य सहकर्मी भी नर्सिंग सेवा को गति देने में विश्वास करते हैं। जिला चिकित्सालय में रोजाना सैकड़ों मरीज अलग-अलग शारीरिक कष्टता का निवारण करने के लिए उपचारार्थ भर्ती होते हैं। उनकी देखभाल और चिकित्सकीय व्यवस्था को लेकर श्रीमती सोना हमेशा आगे रही है। जिला चिकित्सालय में वह अलग-अलग वार्डों में निर्विवाद रूप से काम किया।
विशेष बात यह है कि पूरे सेवाकाल में उनके विरूद्ध कोई विभागीय शिकायत नहीं हुई। इसके अलावा उनकी लगन और कर्मठता के चलते चिकित्सालय के मरीजों को लाभ मिला। बहरहाल तीन दशक की सेवा के बाद श्रीमती सोना के सेवानिवृत्त होने की खबर से जिला चिकित्सलय के अन्य कर्मी भावुक भी नजर आ रहे हैं। विभाग की ओर से उन्हें एक यादगार बिदाई देने की भी तैयारी है।