राजनांदगांव

रेल्वे अंडरब्रिज के अधूरे निर्माण को शुरू करने कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन
12-May-2026 2:20 PM
 रेल्वे अंडरब्रिज के अधूरे निर्माण को  शुरू करने कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन

 सांसद पांडे पर लगाया झूठ बोलने का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 12 मई। राजनांदगांव के स्टेशनपारा रेल्वे अंडरब्रिज के निर्माण में हो रही लेटलतीफी को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को जंगी प्रदर्शन कर रेल्वे प्रबंधन सहित सांसद संतोष पांडे पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।

कांग्रेसियों ने सांसद पांडे के अलावा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के क्षेत्र में पटरीपार के बाशिंदों को हो रही तकलीफ को भी आरोप लगाए। पिछले कुछ महीनों से लगातार कांग्रेस की ओर से रेल्वे प्रबंधन को अंडरब्रिज निर्माण कार्य पूरा करने के संबंध में ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन निर्माण कार्य आज पर्यन्त अधूरा रहा।

बताया जा रहा है कि तीन साल पूर्व स्टेशनपारा रेल्वे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इसके लिए दो साल का वक्त तय किया गया था। सालभर अतिरिक्त गुजर जाने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा है। निर्माण के चलते पटरीपारा आवाजाही के लिए 5 दशक पुराने ओवरब्रिज का उपयोग किया जा रहा है। ओवरब्रिज पर इसी के चलते यातायात का दबाव बढ़ा है। जानकारों का कहना है कि ओवरब्रिज काफी पुरानी हो चुकी है, कभी भी यहां हादसा हो सकता है।

कांग्रेस की ओर से नए ओवरब्रिज बनाने की मांग की जा रही है। इधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्रीकिशन खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य को लेकर रेल्वे प्रबंधन की ओर से एक निश्चित मियाद तय की गई थी। तीन साल गुजर जाने के बावजूद निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। रेल्वे की इस लापरवाही के कारण एक बड़ी आबादी को ओवरब्रिज की चढ़ाई करनी पड़ रही है। विशेषकर ठेले-खोमचे और मजदूर वर्ग को ओवरब्रिज से गुजरने के लिए अनावश्यक ताकत लगानी पड़ रही है।

श्री खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे रेल्वे  को लेकर सिर्फ बेबुनियाद बातें कर रहे हैं। उन्होंने कभी भी निर्माण कार्य को पूरा करने अफसरों को हिदायत नहीं दी। इसका खामियाजा पटरीपार जनता को भुगतना पड़ रहा है। इस बीच बड़ी संख्या में महिलाओं-पुरूषों ने स्टेशनपारा क्षेत्र में रेल्वे परिसर पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों से चर्चा करने के लिए सीएसपी मौके पर पहुंची। बहरहाल कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन कर रेल्वे और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए।

प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्रीकिशन खंडेलवाल, आसिफ अली, अब्बास खान समेत बड़ी संख्या में पटरीपार की महिलाएं-पुरूष व अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट