राजनांदगांव

आसमान में छाए बादल, चिलचिलाती धूप से मिली राहत
11-May-2026 4:16 PM
आसमान में छाए  बादल, चिलचिलाती  धूप से मिली राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 11 मई। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के चलते सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने से लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत मिली। वहीं ठंडी हवाएं चलने से लोगों को पसीने और गर्मी से निजात मिली।

हालांकि गर्मी के मौसम और उमस से बचने के लिए लोग घरों, कार्यालयों और दुकानों में पंखे, कूलर और एसी का उपयोग कर रहे हैं। आसमान में बादल छाए रहने से सडक़ों में सफर करने वाले लोगों ने भी राहत की सांस ली। ज्ञात हो कि बीते दिनों सूरज की आग उगलती किरणों के चलते लोगों की परेशानियां बढ़ी रही। जिले में चक्रवाती सिस्टम और द्रोणिका का असर होने के कारण रविवार शाम को आसमान में काले बादल छाने के साथ कहीं-कहीं रूक-रूककर बारिश भी हुई। वहीं शुक्रवार को भी राजनांदगांव समेत आसपास इलाके में बारिश के साथ ओले भी गिरे थे।

इधर सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने से लोगों को चिलचिलाती सूर्य की तपिश से राहत मिल रही है। मौसम में अचानक आ रहे बदलाव से लोगों की परेशानियां भी बढ़ रही है। मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई दे रहा है। सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने के बीच धूप-छांव की स्थिति बनने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।


अन्य पोस्ट