राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 मई। कवर्धा के सडक़ ठेकेदार कन्हैयालाल अग्रवाल के सुपुत्र नवीन अग्रवाल पर भानुप्रतापपुर में पदस्थ क्षेत्रीय लेखापाल से उनके आवास में बलातपूर्वक हाथापाई व गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना 7 मई की है।
सडक़ निर्माण के लिए राशि जारी नहीं करने से गुस्से में आकर लेखापाल के साथ मारपीट हुई। घटना के बाद पुलिस ने लेखापाल की शिकायत के आधार पर ठेकेदार के सुपुत्र नवीन अग्रवाल के विरूद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक भानुप्रतापपुर से नारायणपुर तक सडक़ निर्माण का टेंडर नवीन अग्रवाल के पिता को मिला है। सडक़ निर्माण के दौरान सडक़ के किनारे मुरूम बिछाने एवं अन्य निर्माण संबंधी कार्यों के लिए विभाग को 5 करोड़ रुपए ठेकेदार को जारी करना था, लेकिन भुगतान करने को लेकर हील-हवाला करने के आरोप में नवीन अग्रवाल ने लेखापाल के घर में घुसकर मारपीट की। मारपीट से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
इस संबंध में भानुप्रतापपुर एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि लेखापाल की शिकायत के आधार पर आरोपी के विरूद्ध आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस जांच में अनाधिकृत तौर पर यह बात सामने आई कि पूर्व में किए गए निर्माण कार्य के एवज में ठेकेदार से 10 लाख रुपए लेना था। बताया जा रहा है कि लेखापाल ने उच्च पदस्थ अधिकारियों के इशारे पर ठेकेदार का 5 करोड़ रुपए का भुगतान रोक दिया है। इसी के चलते तैश में आकर आरोपी ने घर में घुसकर लेखापाल को एक थप्पड़ रसीद कर दिया। इसके अलावा खुलेतौर पर अश्लील गाली-गलौज भी दिया।


