राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मई। डोंगरगढ़ के मोहारा क्षेत्र से पुलिस ने 9 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित शराब को जब्त किया। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों को धरदबोचा है। वहीं एक स्कूटी भी जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार 7 मई को पुलिस चौकी मोहारा थाना डोंगरगढ़ को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मोहारा निवासी नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू उर्फ छोटा कट्टी द्वारा कोटरीछापर रोड स्थित मुढिय़ा नाला के पास भारी मात्रा में अवैध शराब डंप कर बिक्री की जा रही है। मौके पर पुलिस टीम को देखकर कुछ व्यक्ति भागने लगे, जिनमें से तीन आरोपियों को पुलिस द्वारा तत्परता एवं मुस्तैदी से पकड़ लिया गया। जबकि एक आरोपी नंदकिशोर वर्मा उर्फ नीतू मौके से फरार है ।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि अवैध शराब आरोपी नंदकिशोर वर्मा द्वारा स्वीफ्ट डिजायर वाहन से मंगाई गई थी, जिसे सभी मिलकर बिक्री करते थे। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की की कुल 9 पेटी (450 पौवा) कुल 81 बल्क लीटर शराब एवं एक ओला ईवी स्कूटी जब्त की गई। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग एक लाख 10 हजार 750 रुपए है।
पुलिस ने तीन आरोपियों देवव्रत वर्मा निवासी मोहारा, चुम्मन सिन्हा निवासी रूवातला और महेन्द्र वर्मा निवासी मोहारा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरगढ़ में धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है। फरार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई अपराध दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि विगत 01 माह के भीतर ही राजनांदगांव जिले में आबकारी के 135 से अधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जिसमें लगभग 147 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।


