राजनांदगांव

फुलबासन का अपहरण महिला समूह का काम हासिल करने किया था
07-May-2026 1:12 PM
फुलबासन का अपहरण महिला समूह का काम हासिल करने किया था

 पुलिस ने आरोपियों को पेश किया मीडिया के सामने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 मई।
पद्मश्री फुलबासन यादव की अपहरण की साजिश के रहस्य से पर्दा हटाते पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों ने महिला समूह का काम हासिल करने के लिए यह कदम उठाया था।
एसपी अंकिता शर्मा की मौजूदगी में दो महिला समेत पांच आरोपियों को मीडिया के समक्ष पेश करते हुए इस घटना की तमाम योजना को लेकर स्थिति साफ की गई। एसपी ने दावा किया है कि आरोपियों की ओर से काम मिलने पर फुलबासन यादव को छोडऩे पर भी रजामंदी बन गई थी। इससे पहले आरोपी वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ गए। बताया जा रहा है कि घटना की मुख्य साजिशकर्ता बेमेतरा जिले की भिभौंरी की रहने वाली तलाकशुदा खुशबू साहू थी। खुशबू ने अपने योजना को अंजाम देने के लिए एक और महिला समेत तीन पुरूषों को अपने साथ लिया  था।

मिली जानकारी के मुताबिक एसपी अंकिता शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते बताया कि बेमेतरा जिले में करीब 20-30 महिला स्वसहायता समूह फुलबासन यादव की देखरेख में संचालित होता है। मुख्य आरोपी इस क्षेत्र में संचालित समूहों की प्रमुख बनना चाहती थी। समूह के माध्यम से होने वाले सभी तरह के काम पर वह कंट्रोल करना चाह रही थी।

इसी मकसद से उसने तीन माह पहले फुलबासन यादव से जानपहचान बढ़ाते नजदीक आने का प्रयास किया। वह फुलबासन से बेमेतरा जिले में स्वयं को प्रमोट करने का आग्रह भी करती रही। उसकी मांग पूरी नहीं होने के बाद खुशबू साहू ने अपनी सहेली सलोनी माहेश्वरी, दिनेश बंजारे, गोपाल खेलवार तथा चिनकराम साहू के साथ मिलकर अपहरण की योजना बनाई।
बताया जा रहा है कि अपहरण के बाद चालक को मुख्य आरोपी खुशबू साहू डराते-धमकाते हुए तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने हिदायत दे रही थी। वहीं वह विरोध कर रही फूलबासन को केक की तरह काट-काटकर राजनांदगांव शहर में बांटने की धमकी भी दे रही थी। चेकिंग में लगी जांच टीम की सजकता से आरोपी अपने मंसूबों को पूरा नहीं कर पाए। चिखली चौकी पुलिस के पास ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी रूकवाकर जांच की। जिसमें फुलबासन यादव को जबरिया बिठाकर ले जाने का मामला सामने आया। फुलबासन यादव को सकुशल वापस आने पर सभी वर्गों की ओर से हौसला अफजाई किया जा रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही श्रीमती यादव को पुलिस सुरक्षा दी जाएगी।


अन्य पोस्ट