राजनांदगांव

सरकारी शिक्षक ने साथी संग बांटे फर्जी नियुक्ति पत्र
06-May-2026 8:38 PM
सरकारी शिक्षक ने साथी संग बांटे फर्जी नियुक्ति पत्र

3 दर्जन लोगों से एक करोड़ की ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 मई। जिले के डोंगरगढ़ के रहने वाले एक सरकारी शिक्षक की करतूर ने शिक्षा जगत को शर्मसार कर दिया है। शिक्षक ने कर्ज से उबरने के लिए अपने एक साथी के संग तीन दर्जन लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक करोड़ की राशि ऐंठ ली। इसके अलावा शिक्षक ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी किया। रायपुर पुलिस ने शिकायत के बाद  शिक्षक को डोंगरगढ़ से गिरफ्तार किया है। उसका साथी भी पुलिस गिरफ्त में आ गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ के रहने वाले राजेश शर्मा उर्फ राजू (53 वर्ष) एक सरकारी स्कूल में बतौर शिक्षक कार्यरत है। उसने एक गांव में रहने वाले मनोज श्रीवास्तव के साथ मिलकर नौकरी लगाने का झांसा देकर अपने रिश्तेदारों और करीबियों को एक करोड़ से ज्यादा की रकम लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर दिया। खास बात यह है कि आरोपी ने सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किया। उसने लगभग 34 लोगों को  नौकरी लगाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र दिया।

इस मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब ज्वाईनिंग लेटर लेकर लोग मंत्रालय पहुंचे तो मामले का भंडाफोड़ हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अफसरों के डिजिटल हस्ताक्षर कर पत्र जारी किया था। इस मामले में रायपुर के राखी थाना में धोखाधड़ी के तहत जुर्म दर्ज हुआ था। पुलिस ने जांच के बाद शिक्षक और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। नौकरी लगाने के लिए आरोपी ने अपने परिचितों को भी नहीं छोड़ा। उसकी बात पर भरोसा करते हुए एक करोड़ से ज्यादा की रकम लोगों ने नौकरी मिलने की उम्मीद पर आरोपी को दिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


अन्य पोस्ट