राजनांदगांव

प्रतिनिधि मंडल ने किया महुआ प्रसंस्करण केंद्र का भ्रमण
06-May-2026 4:18 PM
प्रतिनिधि मंडल ने किया महुआ प्रसंस्करण केंद्र का भ्रमण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 मई।  
जिले में संचालित वन धन विकास केंद्र कौरिनभाठा (महुआ प्रसंस्करण केंद्र) की कार्यप्रणाली और महिला सशक्तिकरण के मॉडल को देखने मंगलवार को अरूणाचल प्रदेश वन विभाग का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधि मंडल पहुंची।
इस प्रवास के दौरान प्रतिनिधि मंडल ने केंद्र में महुआ और अन्य लघु वनोपजों से बनाए जा रहे उत्पादों की सराहना की और समूह की महिलाओं के प्रयासों को अनुकरणीय बताया। इस भ्रमण दल में मुख्य रूप से अध्यक्ष अरूणाचल प्रदेश वन निगम लिमिटेड नालोंग मिजे, विधायक नामसाई चौ जिंगनु नामचूम, उपाध्यक्ष अरूणाचल प्रदेश वन निगम लिमिटेड टीजी बाकि एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख अरूणाचल प्रदेश पी. सुब्रमण्यम उपस्थित रहे।
वनमंडलाधिकारी आयुष जैन ने प्रतिनिधि मंडल का आत्मीय स्वागत किया और उन्हें महुआ प्रसंस्करण केंद्र के विभिन्न विभागों का अवलोकन कराया। केंद्र की महिला समूह सदस्य भारती, शीतल, मीना एवं अन्य साथियों ने मेहमानों को विस्तार से महुआ से विभिन्न उत्पाद तैयार करने के संबंध में जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र में तैयार महुआ लड्डू, महुआ एनर्जी बार, महुआ शरबत, महुआ जूस, कोदो कुकीज और रागी कुकीज का स्वाद लिया। इन पौष्टिक उत्पादों की गुणवत्ता और स्वाद की अतिथियों ने प्रशंसा की। प्रतिनिधिमंडल ने समूह की महिलाओं की मेहनत और लगन से प्रभावित होकर अरूणाचल प्रदेश वन निगम लिमिटेड की ओर से 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त प्रतिनिधि मंडल ने केंद्र के बाहर स्थित छत्तीसगढ़ हर्बल्स आउटलेट से 4120 रुपए के हर्बल उत्पादों की खरीदी भी की। इस अवसर में उप प्रबंध संचालक जिला यूनियन राजनादगांव योगेन्द्र गण्डेचा एवं वन विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट