राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 अप्रैल। स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आगामी सुशासन तिहार की तैयारियों के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा 1 मई से 10 जून 2026 तक सुशासन तिहार का आयोजन किया जाएगा। जिसके अंतर्गत प्रशासन सीधे गांव-गांव पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित जिले प्रवास को ध्यान में रखते सभी तैयारियां व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से की जाएं। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, महापौर मधुसूदन यादव, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे। श्री यादव ने कहा कि सुशासन तिहार केवल आवेदन लेने तक सीमित न रहे, बल्कि प्राप्त शिकायतों और मांगों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों का भरोसा तभी बढ़ेगा जब उन्हें वास्तविक समाधान मिलेगा। उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य आधारित नहीं, बल्कि परिणाम आधारित कार्य करने कहा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों को फिल्ड में जाकर वास्तविक कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जनसामान्य तक पहुंच सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते कहा कि अधूरे आवासों, भूमि संबंधी समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत पेंशन योजनाओं, दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरण एवं अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण सुशासन तिहार के दौरान प्राथमिकता से किया जाए। प्रभारी मंत्री श्री यादव ने कहा कि सामान्य प्रसव एवं छोटे-मोटे दुर्घटना मामलों का उपचार यथासंभव सीएचसी एवं पीएचसी स्तर पर ही किया जाए और अनावश्यक रेफरल से बचा जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि सुशासन तिहार कार्यक्रम की तैयारी के कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले में 60 से अधिक जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिला स्तरीय अधिकारी और विकासखंड अधिकारी की लगातार निरीक्षण किया जाएगा। बैठक में अध्यक्ष नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ रमन डोंगरे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, सदस्य जिला पंचायत देवकुमार, सदस्य जिला पंचायत अनिता मंडावी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


