राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 अप्रैल। अवैध रूप से शराब परिवहन करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपी के पास से पुलिस ने 50 पौवा देशी शराब व मोटर साइकिल जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार 26 अप्रैल को थाना ठेलकाडीह पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटर साइकिल से अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब रखकर ग्राम मोहारा से विचारपुर की ओर परिवहन कर रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा ग्राम विचारपुर बाजार चौक के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया। वाहन चालक से पूछताछ पर उसने अपना नाम आशीष कुमार वर्मा बताया। उसके कब्जे से काले रंग के बैग की तलाशी लेने पर 50 पौवा शोले प्लेन देशी मदिरा कीमत लगभग 4000 रुपए बरामद की गई।
आरोपी से शराब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया, किंतु आरोपी द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके पर बरामद अवैध शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 80/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर 27 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


