राजनांदगांव
कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 अप्रैल। कड़ी जांच के बाद मंडी उप निरीक्षक पद के परीक्षार्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया। रविवार को व्यापम द्वारा आयोजित मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के लिए केंद्रों में सैकड़ों शिक्षित बेरोजगार परीक्षा में शामिल होने के लिए पहुंचे। परीक्षा केंद्र में दाखिल होने से पहले परीक्षार्थियों की कड़ी जांच की गई।
कई तरह की पाबंदियों के बीच परीक्षार्थियों ने परीक्षा दिलाने केंद्रों का रूख किया। पुलिस सुरक्षा के साथ-साथ अन्य तकनीकी जांच के बाद केंद्रों में परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति मिली। इधर कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आधा दर्जन से ज्यादा परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के साथ-साथ परीक्षा केंद्रों में प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग, पहचान सत्यापन एवं कक्षों में बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया।
उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं ड्यूटी में तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी एवं नकल मुक्त रहे तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उल्लेखनीय है कि जिले में इस परीक्षा हेतु कुल 99 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, फ्लाइंग स्क्वॉड, प्रेक्षक दल, फ्रिस्किंग एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर ने अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखते सभी प्रक्रियाओं का गंभीरता से पालन किया जाए। उन्होंने अभ्यर्थियों से भी अनुशासन बनाए रखने एवं प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की।


