राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 अप्रैल। ठेलकाडीह इलाके के रहने वाले एक किसान के साथ उठाईगिरी का मामला सामने आने के बाद एक बार फिर बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है। शहर के अनुपम नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में गुरुवार दोपहर को एक ग्रामीण उठाईगिरी का शिकार हो गया। बसंतपुर पुलिस वारदात की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ठेलकाडीह क्षेत्र के ढ़ोगींडबरी के रहने वाले किसान शिवलाल वर्मा गुरुवार को बैंक से एक लाख 95 हजार रुपए निकालकर अपनी बाइक के डिक्की में रकम को रख रहे थे। उसी दौरान दो बदमाशों ने रुपए जमीन में गिरने की बात कही। उनकी बातों में आकर जैसे ही किसान रुपए देखने के लिए आगे बढ़े, उसी दौरान उनके डिक्की से रुपए का बैग लेकर दोनों बदमाश फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि जब किसान ने डिक्की की जांच की तो रुपयों से भरा थैला नहीं मिला। इसके बाद किसान ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि बसंतपुर पुलिस सीसीटीवी के जरिये उठाईगिरों की तलाश कर रही है। उक्त रकम किसान ने बैंक से लोन के एवज में लिए थे। पुलिस का कहना है कि किसान ने बदमाशों की सूरत और शक्ल की जानकारी भी दी है। माना जा रहा है कि पेशेवर उठाईगिरों का वारदात के पीछे हाथ हो सकता है। किसान से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों की पतासाजी कर रही है।


