राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अप्रैल। अवैध रूप से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बिक्री के लिए रखने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल को सिटी कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम परशुराम जयंती शोभायात्रा की सुरक्षा के लिए तैनात थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मठपारा तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर आरोपी मुकेश ठाकुर 20 साल निवासी मठपारा को हिरासत में लिया। जिसके पास से दो बोरियों में कुल 200 नग पौवा अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जिसकी अनुमानित कीमत 24 हजार रुपए को पुलिस ने कब्जे में लिया। आरोपी के पास शराब रखने या बेचने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के अंतर्गत दंडनीय होने के कारण अपराध क्रमांक 220/2026 पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को 19 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।


