राजनांदगांव

संपत्ति कर में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल
19-Apr-2026 4:38 PM
संपत्ति कर में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 अप्रैल।
नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में की गई बेतहाशा बढ़ोत्तरी के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल और कांग्रेस संगठन का जनआंदोलन अब और भी उग्र हो गया है। इसी कड़ी में शहर के प्रमुख मानव मंदिर चौक पर कांग्रेस संगठन, कार्यकर्ताओं और पार्षदों द्वारा विशाल हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जिसमें आम जनता ने बढ़-चढक़र अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने स्पष्ट किया कि यह विरोध प्रदर्शन केवल मुख्य चौराहों तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में शहर के सभी 51 वार्डों में इस अभियान को विस्तार दिया जाएगा। कांग्रेस का लक्ष्य हर घर तक पहुंचकर जनता को इस कर वृद्धि के आर्थिक बोझ के प्रति जागरूक करना और प्रशासन पर दबाव बनाना है। श्री पिल्ले ने कहा है कि महापौर की पुनर्विचार की बातें केवल बयानबाजी है। उन्होंने मांग की है कि निगम प्रशासन तत्काल आदेश जारी करें कि शहरवासियों से केवल पुराना संपत्ति कर ही वसूला जाए। कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि यदि कर की दरों में ठोस कमी नहीं की गई, तो यह हस्ताक्षर अभियान एक बड़े जनआंदोलन का रूप लेगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।


अन्य पोस्ट