राजनांदगांव
9 करोड़ 78 लाख के 154 विकास कार्यों का भूमिपूजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शुक्रवार को रायपुर स्थित विधानसभा निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से जुडक़र राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के 15 विभिन्न स्थानों पर आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 59 ग्राम पंचायतों में 9 करोड़ 78 लाख 20 हजार रुपए की लागत से 154 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। इस अवसर पर सांसद संतोष पांडे वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ग्राम पंचायत रानीतराई में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
विस अध्यक्ष डॉ. सिंह ने कहा कि एक साथ कई ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की शुरूआत होना क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं ग्रामीणजनों को बधाई देते कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में शासन द्वारा ग्रामीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी शीघ्र ही सभी ग्रामों का दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन करेंगे तथा नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे।
डॉ. सिंह ने बताया कि ग्राम अचानकपुर-भाटापारा, नवागांव एवं गठुला में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों का लोकार्पण किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग, डिजिटल सेवाएं एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी। जिससे ग्रामीणों को शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते कहा कि शासन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से जुड़े प्रावधानों का उल्लेख करते कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढऩे से लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के पंचायतों में लगभग 10 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सडक़ों के निर्माण, पेयजल समस्या के समाधान और हर घर नल से जल पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से ग्राम पंचायत भर्रेगांव से महापौर मधुसूदन यादव, सुकुलदैहान से अध्यक्ष जिपं किरण वैष्णव, फुलझर से अध्यक्ष श्रम कल्याण बोर्ड योगेश दत्त मिश्रा, जंगलेसर से अध्यक्ष जनपद पंचायत राजनांदगांव प्रतिमा चन्द्राकर, ठाकुरटोला से खूबचंद पारख, डीलापहरी से अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मार्यादित राजनांदगांव सचिन बघेल, टेड़ेसरा से विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, सिंघोला से सभापति जिला पंचायत देवकुमारी साहू एवं सदस्य जनपद पंचायत खुशबू साहू, खुटेरी से पूर्व अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास रमेश पटेल एवं जनपद सदस्य दुर्गेश साहू, फरहद से विवेक साहू एवं जनपद सदस्य पुष्पा उईके, अचानकपुर भांठापारा से कोमल सिंह राजपूत एवं सदस्य जनपद पंचायत पूर्णिमा साहू, भोथीपारखुर्द से सौरभ कोठारी एवं डिकेश साहू, मनकी से पुष्पा गायकवाड़ एवं रमेश चंद्राकर, सुरगी से लीलाधर साहू एवं आनंद साहू, सदस्य जनपद पंचायत राजेन्द्र ठाकुर, विरेन्द्र साव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े रहे।


