राजनांदगांव
बंगाल चुनाव के बीच की खुशहाली की कामना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अप्रैल। छत्तीसगढ़ शासन में कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने झारखंड के देवघर स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना कर दर्शन लाभ प्राप्त किया। उन्होंने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक नगरी देवघर में स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम हिंदू धर्म का प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नीलू ने भी गहरी आस्था के साथ मंदिर में पूजा कर जनकल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और व्यक्ति को नई प्रेरणा मिलती है। उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त करते कहा कि भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा सभी पर बनी रहे और हर व्यक्ति का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण हो।
उन्होंने हर-हर महादेव का उद्घोष करते अपनी श्रद्धा व्यक्त की। गौरतलब है कि नीलू शर्मा पिछले लगभग दो महीनों से पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान मानबाजार क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में सक्रिय रूप से प्रचार कर रहे हैं। व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बीच उन्होंने देवघर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनके साथ अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित रहे, जिन्होंने सामूहिक रूप से पूजा कर समाज और क्षेत्र की उन्नति की कामना की।


