राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अप्रैल। आबकारी विभाग की टीम ने गश्त के दौरान बड़ी कार्रवाई करते ग्राम मुंजाल के जंगल से अवैध महुआ शराब और लाहन बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को नियमित गश्त के दौरान विभागीय टीम को जंगल क्षेत्र में लावारिस हालत में लगभग 35 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब तथा करीब 1500 किलोग्राम महुआ लाहन मिला। बरामद सामग्री को जब्त करते विभाग ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (1)क च 34(2) एवं 59 क के तहत गैर-जमानती अपराध दर्ज कर मामला विवेचना में लिया है। कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के निर्देशन में की गई।
संयुक्त टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी एसआर भाण्डेकर, आबकारी उपनिरीक्षक गुलशन साहू तथा आबकारी आरक्षक भूपेन्द्र वर्मा शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण एवं परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


